कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को सम्मान
किसान ट्रस्ट ने 5 शख्सियतों और संस्थाओं को चौधरी चरण सिंह अवार्ड से किया सम्मानित
अजीत सिंह
किसान ट्रस्ट ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतरत्न चौधरी चरण सिंह की स्मृति में 20 दिसंबर, 2025 को 'चौधरी चरण सिंह अवार्ड्स 2025' (द्वितीय संस्करण) का आयोजन किया। इस अवसर पर कृषि, सेवा, पत्रकारिता एवं ग्रामीण विकास क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वाली विशिष्ट शख्सियतों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान ट्रस्ट की अवार्ड ज्यूरी द्वारा चयनित शख्सियतों को पुरस्कारों से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने चौधरी चरण सिंह को याद करते हुए कहा, "जिस समय पंडित जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ बोलने का कोई साहस नहीं करता था, तब चौधरी साहब ने उनके सहकारी खेती के विदेशी सिद्धांत का जमकर विरोध किया। गांधीवादी विचारधारा से प्रेरित्त चौधरी साहब ने जमींदारी उन्मूलन एवं भू सुधार अधिनियम के जरिये किसान को जमीन का मालिक बनाया। किसानों के हित में वे किसी के दबाव में नहीं झुके।"
विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, जयंत सिंह ने कहा, "अक्सर जब किसान दिल्ली आते हैं, तो दिल्ली हिलाने आते हैं। मगर आज का दिन इस मायने में अलग है, आज किसान चौधरी साहब की स्मृति में पुरस्कार देने दिल्ली आए हैं।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह जी ने की। उन्होंने कहा कि भारतरत्न चौधरी चरण सिंह जी ने किसानों को हकदार बनाया, दलितों-पिछड़ों को जमीन का मालिक बनाया और स्वाभिमान से जीवन जीने का हक दिया। इसलिए चौधरी साहब के न रहने का सबसे बड़ा नुकसान किसानों को हुआ। इस अवसर पर किसान ट्रस्ट की ट्रस्टी चारू चौधरी, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ एके सिंह तथा तमाम गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

किसान ट्रस्ट के पुरस्कार विजेता
कलम रत्न पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार और रूरल वॉयस व रुरल वर्ल्ड के एडिटर-इन-चीफ हरवीर सिंह ने कहा कि चौधरी साहब के नाम से पुरस्कार मिलना उनके लिए गौरव एवं भावुकता भरा पल है। चौधरी साहब की विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने पत्रकारिता के जरिए हमेशा गांव, किसान के मुद्दों को उठाने का प्रयास किया। अब रूरल वॉयस और रूरल वर्ल्ड के जरिए कृषि और ग्रामीण भारत की आवाज और किसानों के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के मिशन में जुटे हैं।
किसान पुरस्कार के विजेता प्रगतिशील किसान सत्यवान सहरावत ने कहा कि चौधरी चरण सिंह जी के पदचिन्हों पर चलकर किसानों को समृद्ध और सशक्त बनाकर ही विकसित भारत 2047 का सपना साकार हो सकता है। कृषि उत्थान पुरस्कार के विजेता कृषि वैज्ञानिक और आईसीएआर के उप महानिदेशक डॉ. देवेंद्र कुमार यादव ने कहा कि इस पुरस्कार के रूप में मेरे नाम के साथ किसानों के मसीहा भारतरत्न चौधरी चरण सिंह जी का नाम जुड़ना गर्व का विषय है। वे विज्ञान और नीतियों के माध्यम से किसानों के जीवन में बदलाव लाने की कोशिश में जुटे हैं।
फ्रूवटेक की तरफ से कृषि उद्यमी पुरस्कार हासिल करते हुए डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि यह पुरस्कार हासिल करके संस्थान गर्व महसूस करता है। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की तरफ से सेवा रत्न पुरस्कार हासिल करते हुए रुक्मिणी बनर्जी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में हमारे योगदान के लिए संस्थान को भारतरत्न चौधरी चरण सिंह जी के नाम से पुरस्कार मिलना गौरव का विषय है।
RNI No: DELBIL/2024/86754 Email: [email protected]